शाहाबाद। पचदेवरा थाना क्षेत्र के खेरिया गांव निवासी महिला और उसके दो बच्चे प्राइवेट बस से यात्रा के दौरान रेडिएटर दगने से झुलस गए। एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के खेरिया गांव निवासी भजन लाल की ससुराल पिहानी के रामपुर मोढ़ा गांव में है। रविवार को उसके साले का तिलक था। शनिवार को पत्नी सुषमा (40) बेटा नीरज (7) और बेटी शिल्पी (5) मायके जाने के लिए निकली थी।
वह लोग शाहाबाद से पिहानी के लिए जा रही प्राइवेट मिनी बस में बैठे थे। बस में भीड़ होने के कारण सुषमा बच्चों के साथ बस के अगले हिस्से में इंजन के पास वाली सीट पर बैठी थी। रास्ते में बस का रेडिएटर दग गया। इससे माया और बच्चे झुलस गए।
बस चालक की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।