मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव में रविवार दोपहर तेज बारिश के दौरान एक कच्ची दीवार गिरने से 80 वर्षीय पानवती की मलबे में दबकर मौत हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पानवती अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके भतीजे रामचंद्र ने बताया कि रविवार दोपहर तेज बारिश के कारण कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद महिला को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व टीम मौके पर पहुंची।
कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उपजिलाधिकारी एनराम ने जानकारी दी कि नायब तहसीलदार ने घटनास्थल की जांच की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।