हरदोई। बैटरी खत्म होने के कारण शनिवार शाम ई-रिक्शा बाइक से खींचकर ले जा रहे युवक ने पैदल जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के अजतूपुर निवासी सुरेश चंद्र (72) का बाग मकान से 200 मीटर दूर है। उनके पुत्र पवन कुमार ने बताया कि रोज की तरह वह शाम को चार बजे के करीब बाग में टहलने जा रहे थे। इस बीच कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर के ज्ञानपुरवा निवासी दो लोग बैटरी खत्म होने पर बाइक के पीछे ई-रिक्शा खींचकर ले जा रहे थे।
इस दौरान सुरेश चंद्र को बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर लग गई। इस कारण वह गिर पड़े। परिजन उन्हें पहले प्राइवेट अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज ले गए। उपचार के दौरान आधीरात में उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी रेशमा देवी, दो पुत्र और एक पुत्री है। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी परिजन ने रविवार शाम दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।