फोटो 31: ग्रामीणों से जानकारी लेते एसपी एके मीणा। स्रोत : पुलिस मीडिया सेल
सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया गांव में हुई घटना, पुलिस अधिकारी मौके पर, गांव में पीएसी तैनात की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया गांव में शुक्रवार शाम तेज लोडर से कुचलकर बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना से गुस्साए बुजुर्ग के परिजन और ग्रामीणों ने गांव के ही लोडर चालक और उसके भाई को पीटकर मार डाला। तीन मौतों की खबर से सनसनी फैल गई। पुलिस अधिकारी मौके पर हैं। फॉरेंसिक टीम ने नमूना जुटाए हैं। गांव में स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए पीएसी तैनात की गई है।
ढोलिया गांव में यह घटना शाम करीब 4:42 बजे की बताई गई है। ढोलिया गांव निवासी शिवम (30) भूसा की खरीद-फरोख्त और ढुलाई का काम करते हैं। साथ ही गांव के ही अन्य लोग भी लोडर से भूसा कन्नौज लेकर जाते हैं। बताया कि लोडर और भूसा ले जाने को लेकर ही कुछ दिन पहले दोनों पक्षों में कुछ कहासुनी भी हुई थी। इसके बाद सब कुछ सामान्य हो गया। शुक्रवार की शाम करीब 4.42 बजे लोडर से शिवम गांव के ही प्राथमिक स्कूल के पास से जा रहे थे। जैसी की गांव में घटना को लेकर चर्चा है कि तेज रफ्तार लोडर की चपेट में आकर गांव निवासी देव सहाय पांडेय (70) की कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसा की जानकारी लगते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर आ गए।
हादसे से मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित और हिंसात्मक हो गए। इन लोगों ने लाठी-डंडों से लोडर चालक शिवम और उसके भाई अमन (17) पर हमला कर दिया। हमले में शिवम और अमन अपना बचाव भी नहीं कर पाए। इससे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरसा लाया गया और हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज लाया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। तीन मौतों की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक एके मीणा, एएसपी एमपी सिंह, सीओ सिटी अंकित मिश्रा और थाना प्रभारी सुरसा सहित कई थानों की पुलिस फोर्स ढोलिया पहुंच गई।