हरदोई। शहर में साइबर फ्रॉड का एक मामला सामने आया है। एक व्यापारी के खाते से दो बार में आठ लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने शनिवार देर शाम साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
शहर के रेलवेगंज पश्चिमी निवासी राजकिशोर अग्रवाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई। बताया कि वह एक व्यापारी हैं। उनका खाता एचडीएफसी बैंक रेलवेगंज में है। 27 दिसंबर की शाम 4.16 बजे उनके खाते से 4.90 लाख रुपये और 4.19 बजे 3.10 लाख रुपये निकल गए। उनके खाते से कुल आठ लाख रुपये निकले। रुपये निकलने का मोबाइल पर मैसेज आया तो उन्होंने बैंक से संपर्क किया। उन्होंने 29 दिसंबर को दोपहर 12:19 बजे टोल फ्री नंबर 1930 पर फोन करके साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं पर में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।