हरदोई। परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कहीं और संबद्ध नहीं किया जा सकेगा। शासन ने संबद्धकीरण पर पूर्णतया रोक लगा दी है और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को इसका पालन करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार की ओर से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के लिए जारी किए गए निर्देशों में बताया गया कि शासन को शिकायतें मिल रहीं हैं कि अपने कार्य को सुलभ बनाने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी या किसी स्तर से शिक्षकों या शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को दूसरे स्कूलों या ब्लाकों पर संबद्ध कर लिया जाता है। इसके अलावा छात्र कम होने के बाद भी विद्यालयों मेें शिक्षकों की मानक से अधिक तैनाती रहती है इन सभी त्रुटियों को समाप्त किया जाए। मानक से अधिक शिक्षकों को स्कूल से कहीं और भेजा जाए जबकि तैनाती स्थल के बजाए यदि शिक्षक या कर्मी अन्य विद्यालयों में तैनात हैं तो उन्हे वापस लाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बीएसए को इस संबंध में यह प्रमाण पत्र भी देना होगा कि जिले में कोई भी परिषदीय शिक्षक या कर्मी संबद्ध नहीं है। जिला बेेसिक शिक्षक अधिकारी हेमंतराव ने बताया कि जिले में ऐसी स्थिति नहीं है फिर भी सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। वहां से रिपोर्ट मांग कर अग्रिम कदम उठाए जाएंगे।