हरदोई। कोरोना काल में अपने सभी दायित्वों को पूरा करने वाले नवनियुक्त 450 से अधिक परिषदीय शिक्षकों को वेतन के लाले हैं। शिक्षकों ने बताया कि बीएसए से लेकर आला अधिकारियों तक वे सभी को ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन सत्यापन न हो पाने की बात कह कर पिछले छह माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है।
69000 शिक्षक भर्ती के प्रथम चरण की भर्ती पिछले छह माह पूर्व पूरे प्रदेश में हुई थी। जिले में भी 450 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देकर ज्वाइनिंग दी गई थी। शिक्षकों का कहना है कि इसके बाद बताए गए हर दायित्वों को कोरोना काल में भी पूरा किया जा रहा है, लेकिन उन्हें वेतन अब तक नहीं दिया जा पा रहा है। इसको लेकर शिक्षकों ने कई बार आला अधिकारियों व बीएसए को भी ज्ञापन दिया लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। वहीं आसपास के जनपदों में वेतन जारी किया जा चुका है। शिक्षकों का कहना है कि यदि कोरोना काल में सत्यापन नहीं हो पा रहा है तो केवल ऑनलाइन सत्यापन पर ही वेतन जारी करें। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव का कहना है कि कार्रवाई कराई जा रही है, शीघ्र ही वेतन जारी करवाया जाएगा।