हरदोई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चल-अचल संपत्ति का ब्योरा शासन को नहीं भेजा है। मामले में अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने नाराजगी जताई है। साथ ही बीएसए को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मंडलीय सहायक निदेशक बेसिक को दिए हैं।
शिक्षा निदेशालय प्रयागराज के अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेंद्र देव ने मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक, डायट प्राचार्य को पत्र भेजकर इस बात की नाराजगी जताई है कि मांगने के बाद भी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने संपत्ति का ब्योरा नहीं भेजा है। इनको कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा जाए। शासन से भेजी गई सूची में गैर जनपद में तैनात जिले के दो अन्य अधिकारी भी शामिल हैं। जिसमें मुरादाबाद राजकीय इंटर कालेज में प्रधानाध्यापक श्यामा कुमार, चांदापुर शाहजहांपुर स्थित राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाध्यापक तौलेराम वर्मा भी शामिल हैं।