हरदोई। डीएम अविनाश कुमार ने सांडी-शाहाबाद मार्ग पर चल रहे चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्य के लिए इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच भी कराई। उन्होंने जल्द से जल्द पूरी गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के खंड-1 के अधीन 68 करोड़ रुपये की लागत से सांडी से शाहाबाद मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। 38 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर इन दिनों सांडी से जगदीशपुर के बीच कार्य चल रहा है। डीएम अविनाश कुमार ने मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने के बाद निर्माण कार्य का जायजा लिया। खेरवा में मार्ग निर्माण की सामग्री बनाने वाले हॉट मिक्स प्लांट का निरीक्षण भी डीएम ने किया। गिट्टी, डस्ट, मौरंग और सीमेंट के मिश्रण को भी उन्होंने देखा। अधिशासी अभियंता एचडी अहिरवार को निर्देश दिए कि गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न की जाए और निर्धारित समय में निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण करा लिए जाएं।