फोटो-03- लखनऊ रोड पर धूप में गमछा ओढ़कर जाते युवक। संवाद
हरदोई। नौतपा भले ही आज से शुरू हुआ है लेकिन बीते आठ दिनों से जिले की धरती तवे की तरफ तप रही है। आसमान से बरसती आग ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त करके रखा हुआ है। सुबह नौ बजे के बाद से ही तेज गर्मी पड़ने लगती है और शाम को पांच बजे तक राहत नहीं मिलती है। रविवार को भी अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और तेज रफ्तार लू भी लोगों को बेहाल किए रही।
सूर्य की प्रचंडता का असली दौर नौतपा आज से लग गया है, लेकिन इससे पहले ही लू के थपेड़ों और झुलसाने वाली गर्मी ने लोगों का घर से निकलना मुहाल कर दिया है। मई माह में जिस कदर गर्मी पड़ रही है मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की गर्मी काफी समय बाद पड़ी है। धरती तवे की तरह तप रही है और सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर निकलना मुश्किल होने लगता है। दोपहर एक से दो बजे तक तो स्थिति यह होती है कि मुख्य सड़कों पर भीड़ काफी कम नजर आती है जबकि संपर्क मार्गों पर तो सन्नाटा पसरने लगता है।
गर्म हवाओं ने दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। ऐसी लू में चलने पर शरीर में झुलसन सी महसूस होती है, लोग जरूरी होने पर ही चेहरे को ढककर बाहर निकल रहे हैं। मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि होकर 42.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम में एक डिग्री की कमी होकर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। लू की रफ्तार आठ किमी प्रति घंटा और आर्द्रता सुबह 54 प्रतिशत से घटकर 25 प्रतिशत दर्ज की गई।
27 मई तक लू से राहत की नहीं उम्मीद
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अभी 27 मई तक लू से राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि अभी तीन दिन लू चलने की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 28 मई को मौसम में बदलाव हो सकता है। कुछ बादलों के छाने के बाद आंधी की संभावना और फिर 29 से 30 मई के बीच में बारिश की उम्मीद की जा सकती है।
फोटो-03- लखनऊ रोड पर धूप में गमछा ओढ़कर जाते युवक। संवाद