लोकसभा चुनाव की भांति ही पंचायत चुनाव में भी आयोग
ने महिला वोटरों की सुविधा को देखते हुए एवं मतदान के लिए उनका मनोबल
बढ़ाने के उद्देश्य से हर मतदान केंद्र पर एक महिला मतदान कर्मी लगाने के
निर्देश जारी किए हैं। बहरहाल जिला प्रशासन महिला कार्मिकों की संख्या व
आयोग के निर्देशों को देखते अपने दायित्वों के निष्पादन में जुट गया है।
पंचायत
चुनाव में जिले में 1748 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। आयोग की ओर से
निर्देशित किया गया है कि हर बूथ पर न सही तो हर मतदान केंद्र पर एक एक
महिला मतदान कार्मिकों को अवश्य लगाया जाए, ताकि महिला वोटरों का मनोबल बूथ
के अंदर जाकर न टूटे या फिर उन्हें कोई असुविधा लगे तो बूथ के अंदर महिला
मतदान अधिकारी को बता सके।
ज्ञात हो कि लोस चुनाव में कुछ ऐसे ही दिशा
निर्देश आयोग की ओर से दिए गए थे, पर महिला कर्मियों की कमी के चलते इन
निर्देशों का अक्षरश: जिले में पालन नहीं हो पाया था। अबकी भी 1748 कम से
कम महिला कर्मचारियों की जरूरत होगी। जिसके बाद कार्मिक अफसरों की शिक्षा
विभाग पर ही नजरें रहेगी।
कार्मिक अधिकारी सीडीओ विजय गुप्ता ने बताया कि
आयोग के निर्देशों को ध्यान में रखकर कार्मिकों की ड्यूटियां सुनिश्चित की
जाएगी। उधर, उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने से पहले जमानत की
धनराशि चालान द्वारा बैंक या कोषागार में जमा करनी होगी। सहायक निर्वाचन
अधिकारी पंचायत प्रेम नारायन मिश्र ने बताया कि नामांकन पत्र नगद धनराशि
देकर खरीदा जा सकेगा।
एससी/एसटी, पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को नामांकन
पत्र खरीदने और जमानत राशि में आधी छूट मिलेगी। आयोग ने सदस्य ग्राम पंचायत
के नामांकन पत्र की कीमत 150 रुपये निर्धारित की है, जबकि प्रत्याशी को
500 रुपये जमानत राशि जमा करनी होगी। ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य
पद के नामांकन पत्र की कीमत तीन सौ-तीन सौ और जमानत राशि 2000-2000 रुपये
रखी गई है, जबकि जिला पंचायत सदस्य पद का नामांकन 500 रुपये में मुहैया
होगा।
यदि उम्मीदवार एससी/एसटी और पिछड़ी जाति का है तो उसे आधे दामों में
नामांकन पत्र मुहैया कराया जाएगा। उधर, आयोग व जिले के बड़े अफसरों से
शुक्रवार को हुई वार्ता के बाद देर शाम मतदेय स्थलों की संख्या को लेकर
अंतिम निष्कर्ष निकलता दिखा। हालांकि, उस पर अधिकारिक मोहर नहीं लग पाई थी।
फिर भी सूत्रों की माने तो वर्ष 2015 के चुनाव में 3526 मतदेय स्थलों पर
वोट डाले जाएंगे। प्रथम चरण का नामांकन दो दिन बाद 28 सितंबर से शुरू होने
वाला है। बहरहाल आन लाइन फीडिंग में कुछ मिलान न होने से आयोग से शुक्रवार
को अफसरों की हुई वार्ता के बाद संशोधन में जिले के 19 ब्लाकाें में 3526
मतदेय स्थल निकल कर सामने आ रहे हैं।
अफसरों की माने तो इस संख्या में
मिलान अंतिम दौर में हैं। भले ही एक आध मतदेय स्थल बढ़ या घट जाए, पर यह अब
जाकर मतदेय स्थल सुनिश्चित कर लिए गए हैं।