हरदोई में हुए हादसे में घायल दुल्हन रेखा। संवाद
- फोटो : HARDOI
मल्लावां (हरदोई)। सीतापुर से रविवार को दुल्हन को विदा कराकर आ रही कार माधौगंज-मल्लावां मार्ग पर बोलेरो से भिड़ गई। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बांसा निवासी सीटू (25) पुत्र राजबहादुर की बरात शनिवार को सीतापुर गई थी। रविवार को सीटू दुल्हन रेखा (22) को विदा कराकर गांव बांसा आ रहा था। कार गांव निवासी शुभम चला रहा था। कार में शिल्पी (35) पत्नी ठाकुर प्रसाद, उसकी पुत्री रिंकी (10) निवासी कोसिया व ऋचा (20) पुत्री राकेश कनौजिया निवासी महोलिया थाना बांगरमऊ जनपद उन्नाव भी सवार थे। माधौगंज-मल्लावां मार्ग पर ग्राम खेमीपुर के निकट कार की सीधी भिड़ंत बोलेरो से हो गई। घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए, जिसमें दुल्हन की हालत गंभीर है। बोलेरो चालक नीरज (20) पुत्र शांतिस्वरूप निवासी बेहटा बुजुर्ग कोतवाली बिलग्राम व एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां भेजा। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।