बेहटागोकुल। थाना क्षेत्र के ग्राम बिहगवां में मंदिर के निकट कच्ची शराब बनाने से रोके जाने से नाराज लोगों ने मूर्तियां क्षतिग्रस्त कर दीं। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में रोष फैल गया। पुलिस ने तीन सगे भाइयों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
बिहगवां निवासी राधेश्याम अग्निहोत्री ने लगभग 10 वर्ष पहले अपने खेत में शिव मंदिर का निर्माण कराया था। राधेश्याम के पुत्र विमलेश ने बताया कि 11 जून की रात कुछ लोगों ने मंदिर में स्थापित मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। 12 जून शुक्रवार को घटना का पता चलने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। विमलेश ने बताया कि पड़ोसी गांव हुल्लापुर निवासी रमई, गरीबे, धनी पुत्र गण तनके कश्यप मंदिर के निकट ही कच्ची शराब बनाते थे। इस पर ग्रामीणों ने विरोध जता पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी दी थी। आरोप लगाया कि तीनों भाइयों ने मिलकर मंदिर में स्थापित मूर्तियां क्षतिग्रस्त कर दीं। बेहटागोकुल के प्रभारी निरीक्षक राकेश आनंद ने बताया कि घटना संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर तीनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।