हरदोई। एक तो भीषण गर्मी ऊपर से अब ट्रेनों के लिए पहले से अधिक इंतजार करना होगा। सूरज की तल्खी और तपिश के बीच रेलवे के ब्लॉक ने यात्रियों की मुसीबत को दोगुना कर दिया है। आलमनगर से आलमबाग केबिन के बीच प्रस्तावित इंजीनियर कार्य के चलते कुछ ट्रेनों का संचालन समय देरी से कर दिया गया है और ट्रेनों की गति भी निर्धारित की गई है। ऐसे में ट्रेनों का लेट होना स्वाभाविक है।
लखनऊ मंडल के अंतर्गत आलमनगर से आलमबाग केबिन के बीच इंजीनियरिंग कार्य प्रस्तावित किया गया है।
के चलते हरदोई होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे ने कुछ मुख्य ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाने के निर्देश जारी किए हैं। पटरियों पर मरम्मत का कार्य 26 मई से दो जून के बीच कराया जाना प्रस्तावित है। इस दौरान पटरियों पर ब्लॉक लगाया है। ब्लॉक के दौरान किसी भी ट्रेन का संचालन नहीं होगा।
इस कार्य से तमाम ट्रेनें प्रभावित होंगी, इसमें हरदोई से होकर जाने वाली ट्रेन भी शामिल हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि ट्रेन 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस 26 मई और 2 जून को लखनऊ से अपने निर्धारित समय से 20 मिनट की देरी से रवाना होगी। ट्रेन 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस 25 मई और एक जून को मुरादाबाद मंडल क्षेत्र में 45 मिनट विलंब से चलाई जाएगी। ट्रेन 13006 पंजाब मेल 25 मई और एक जून को करीब 40 मिनट की देरी से संचालित होगी।
ट्रेनों की रफ्तार पर भी रहेगा ब्रेक
पटरियों पर प्रस्तावित कार्य के चलते कर्मचारी और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों की रफ्तार को भी कम कर दिया गया है। सीनियर डीसीएम ने बताया कि कार्य स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति भी सीमित कर दी गई है। पटरी पर ट्रेन की 30 किलोमीटर प्रति घंटे की अस्थायी गति सीमा (स्पीड रेस्ट्रिक्शन) लागू की गई है, ताकि कार्य के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। गति सीमा घटने से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित होगी और यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगेगा।