हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने गांव में विकास कार्य और भुगतान में गड़बड़ी पर निलंबित प्रधान सहित चार को नोटिस दिया। सभी से 15 दिन के अंदर जवाब मांगे गए हैं। जवाब साक्ष्य सहित और संतोषजनक न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने विकास खंड कछौना की ग्राम पंचायत गौसगंज की निलंबित प्रधान हसमतुन निशा, तत्कालीन व वर्तमान में हरियावां में तैनात पंचायत सचिव सद्दाम हुसैन, तत्कालीन व वर्तमान में कोथावां में तैनात पंचायत सचिव कुलदीप गौतम, कोथावां में तैनात ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता भरतलाल लोधी को नोटिस दिया है। सभी से 15 दिन के अंदर जवाब मांगे गए हैं। जवाब संतोषजनक और साक्ष्य सहित न होने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बताया कि गौसगंज निवासी मोहम्मद शाह आलम, विरद कुमार, कैलाश और सुशील कुमार के शिकायती पत्र पर डीआईओएस और यूपीसिडको के अधिशासी अभियंता ने जांच की थी। इसमें काम और भुगतान में गड़बड़ी सामने आई थी। इस पर प्रधान से जवाब तलब के साथ ही वित्तीय और प्रशासनिक अधिकारों को सीज कर दिया गया था। अंतिम जांंच बीएसए और पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड दो के अधिशासी अभियंता ने की। इसमें भी निलंबित प्रधान सहित तीन कर्मी दोषी पाए गए। अंतिम जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई से पहले निलंबित प्रधान सहित तीन कर्मचारियों को नोटिस दिया गया। नोटिस का जवाब आने पर परीक्षण कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।