हरदोई। दो माह से रिक्त चल रही जिला पंचायत राज अधिकारी की कुर्सी को मंगलवार को अधिकारी मिल गया। बनारस से स्थानांतरित होकर आए जिला पंचायत राज अधिकारी देर शाम को जनपद पहुंचे। जिलाधिकारी के समक्ष अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
जिला पंचायत राज अधिकारी भास्कर दत्त पांडेय को बीते 23 मार्च को तत्कालीन जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने रिलीव कर दिया था। साथ ही जनपद के जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्य की जिम्मेदारी परियोजना निदेशक प्रदीप यादव को सौंप दी था। जिसके बाद से जनपद के जिला पंचायत राज अधिकारी की कुर्सी खाली चल रही थी।
प्रभारी के तौर पर परियोजना निदेशक काम देख रहे थे। इससे कई ऐसे काम थे जो विभागीय अधिकारी न होने की वजह से अटके भी रहे। करीब सप्ताह भर पहले जिलाधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने प्रमुख सचिव पंचायत राज को पत्र भेजकर डीपीआरओ की तैनाती का अनुरोध किया था। जिसके बाद बनारस में जिला पंचायत राज अधिकारी रहे सभाजीत पांडेय को जनपद स्थानांतरित कर दिया। शासन के निर्देश पर मंगलवार की शाम को वह जनता एक्सप्रेस से पहुंचे। उन्होंने स्थानीय एक होटल में आराम करने के बाद जिलाधिकारी के समक्ष अपनी आमद दर्ज कराई। इस दौरान विभागीय कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।