पिहानी (हरदोई)। ढाई माह पहले विवाहिता की गाजियाबाद में संदिग्ध हालात में मौत होने के मामले में मृतका के पिता ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरौरा निवासी कमलेश पुत्र रामपाल ने बताया कि उसने पुत्री रोशनी की शादी अमित सिंह पुत्र कल्याण सिंह निवासी बखरिया के साथ आठ वर्ष पहले की थी। ससुराली शादी के बाद से ही भैंस और बाइक की मांग दहेज में कर रहे थे। पिछले कुछ वर्ष से ससुराली रोशनी के साथ ही गाजियाबाद में रहने लगे थे।
कमलेश के मुताबिक 27 मार्च 2020 को नोएडा में ही रोशनी की मौत हो गई थी। ससुराली फांसी लगाकर खुदकुशी किए जाने की बात कह रहे थे, लेकिन आसपास के लोगों ने हत्या कर शव लटकाने की बात कही थी। लॉकडाउन के कारण वह गाजियाबाद नहीं जा पाए थे। अब कमलेश की तहरीर पर पति अमित सिंह, ससुर कल्याण सिंह, सास लता सिंह, जेठ सुमित सिंह व सुमित सिंह की पुत्री के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।