हरदोई। सात मार्च को नवविवाहित डॉक्टर की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पति और सास समेत तीन लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि दहेज में दस लाख रुपये की मांग को पूरा न करने पर मारपीट कर नवविवाहिता की हत्या कर दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वंशीनगर निवासी आदित्य विक्रम सिंह ने अपनी पुत्री डॉ. अजिता सिंह की शादी दो मार्च को शहर के सिविल लाइन्स निवासी अंकित वाजपेयी से की थी। अंकित कपड़ा व्यापारी हैं और उनकी मां किरन वाजपेयी बाराबंकी में पुलिस निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। सात मार्च की सुबह यानी शादी के छठे दिन ही डॉ. अजिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव पति के मकान के बाथरूम में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई थी और विसरा सुरक्षित किया गया था। उक्त मामले में मृतका के पिता आदित्य विक्रम सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि शादी में पांच लाख रुपये और 13 लाख रुपये कीमत की कार दी थी।
दावा है कि ससुरालीजन एक विशेष कंपनी की लग्जरी कार खरीदना चाहते थे। इसके लिए दस लाख रुपये मांग रहे थे। रुपये न देने पर मारपीट कर अजिता की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अंकित वाजपेयी, सास किरन वाजपेयी और ननद पूजा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि विवेचना की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी।