सांडी। जिले के सरकारी अस्पतालों का भगवान ही मालिक है। शनिवार को सड़क हादसे में घायल एक युवक को सांडी सीएचसी पहुंचाया गया। अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं था। करीब दो घंटे जख्मी युवक बेंच पर तड़पता रहा। लोगों ने जब आलाधिकारियों को सूचना दी तब उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया।
सांडी-हरपालपुर मार्ग पर शनिवार को मानेमऊ गांव के पास वाहन की टक्कर से एक युवक घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस से उसे सीएचसी पहुंचाया। एंबुलेंस 2:30 बजे घायल को लेकर सीएचसी पहुंच गई और घायल को अस्पताल की बेंच पर लिटा दिया। उस समय सीएचसी पर कोई डाक्टर और स्टाफ नहीं था।
युवक बेंच पर पड़ा तड़पता रहा। करीब साढ़े तीन बजे कुछ लोग सीएचसी पहुंचे और आलाधिकारियों की सूचना दी। साढ़े चार बजे के करीब युवक को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया। सीएचसी अधीक्षक अखिलेश बाजपेई ने बताया कि करीब तीन बजे वह जिला मुख्यालय आए थे। अस्पताल में दूसरा डाक्टर नहीं है। उन्होंने बताया कि अवकाश अथवा मीटिंग पर जाने पर पचदेवरा न्यू सीएचसी से डा. आजम को बुला लेते हैं। शनिवार को वह भी मौजूद थे।