अतरौली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश (जेपी) नड्डा ने बृहस्पतिवार को हरदोई के भरावन में विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा और सपा को आतंकियों का साथ देने वाली तो कांग्रेस को भाई-बहन की पार्टी बताया।
उन्होंने कहा कि जिसने आतंकवादियों के मुकदमे वापस लिए थे, उसे यूपी की कमान कभी न सौंपना।
संडीला विधानसभा के अतरौली स्थित जनता इंटर कालेज भरावन के मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि सपा की सरकार में गुंडे और माफिया का राज चलता था।
गोरखपुर के गोलघर में वर्ष 2007 में बम विस्फोट हुआ था। नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी ने हरकत उल जिहाद व इंडियन मुजाहिदीन संगठन के आातंकी तारिक कासमी को आजमगढ़ व खालिद मुजाहिद को जौनपुर से पकड़ा।
मुकदमा दर्ज हुआ, इसके बाद अखिलेश यादव ने केस वापस ले लिया। कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने केस वापस लेने पर रोक लगाई और इसके बाद आतंकियों को सजा हुई।
वहीं, रामपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पर 31 दिसंबर 2017 को आतंकियों ने एके 56 राइफल से हमला किया, जिसमें कैंप के अंदर सात जवान शहीद हो गए।
कहा कि एनआईए ने आतंकी शहाबुद्दीन को नेपाल बार्डर से पकड़ा। पूछताछ के बाद सात और लोग पकड़े गए। इसमें भी अखिलेश ने मुकदमा वापस लेकर देशद्रोहियों का साथ दिया, लेकिन हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद काले मंसूबे पूरे नहीं हो सके।