हरदोई। हर व्यक्ति अपने दायित्वों को समझकर ईमानदारी से गरीबों और असहायों को न्याय दिला दे तो यही देश के बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। स्वतंत्रता दिवस पर कलक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण के बाद गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए ये बात डीएम पुलकित खरे ने कही।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान डॉक्टर, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, पुलिस, राजस्व और अन्य विभागों के कर्मचारियों ने कोरोना योद्धा के रूप में सराहनीय कार्य किया है। इस मौके पर एडीएम संजय कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट माया शंकर, दीपक वर्मा ने भी गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
डीएम ने कलक्ट्रेट पार्क और गांधी भवन में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। डीएम ने शहीद उद्यान में स्थापित शहीद स्मारक पर भी पुष्प अर्पित किए। शहीद चंद्रशेखर आजाद व सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। शहीद उद्यान तालाब की सफाई और पानी की उपलब्धता के बारे में पालिकाध्यक्ष सुख सागर मिश्रा एवं अधिशासी अधिकारी रवि शंकर शुक्ल से जानकारी ली। सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने तिकुनिया पार्क पर गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।