हरदोई। लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर हरदोई रेलवे स्टेशन से हाेते हुए दो वंदे भारत ट्रेन गुजरती हैं। दोनों ही ट्रेनों का ठहराव हरदोई स्टेशन पर नहीं है। अब 18 जनवरी से अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन हावड़ा से दिल्ली के बीच चलेगी। यह ट्रेन भी हरदोई स्टेशन से होकर गुजरेगी। दो वंदेभारत ट्रेनों की तरह यह ट्रेन भी हरदोई में रुके बिना ही गुजर जाएगी। वंदे भारत की तरह ही अमृत भारत एक्सप्रेस भी है लेकिन उसकी अपेक्षा इसका किराया कम है।
जिले के रेल यात्रियों को एक बार फिर उपेक्षा का शिकार होना पड़ा है। हावड़ा से दिल्ली के बीच शुरू की गई कम किराये में वंदे भारत एक्सप्रेस की सुविधा वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का भी ठहराव नहीं दिया गया। बता दें कि हरदोई रेलवे स्टेशन से रोजाना सात से आठ हजार यात्री सफर करते हैं और हर माह आरक्षण से भी 40 से 50 लाख रुपये की आय होती है। इसके बावजूद कोई बेहतर सुविधा वाली ट्रेन का ठहराव नहीं है।
जिले से होकर दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22489-90 बनारस से मेरठ और ट्रेन संख्या 22545-46 लखनऊ से देहरादून चल रही है। दोनों ट्रेनों का ठहराव यहां नहीं है और शाहजहांपुर जिले में दिया गया है। इसी प्रकार रेलवे अब हावड़ा के संतरागाची जंक्शन से आनंद विहार दिल्ली के बीच 03065-66 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत 18 जनवरी से करने जा रही है। इसका भी ठहराव लखनऊ के बाद शाहजहांपुर दिया गया है जबकि हरदोई में बड़ा स्टेशन होने के बाद भी ठहराव नहीं है।
यात्रियों के हाथ लगी मायूसी
जिले के यात्री अवधेश श्रीवास्तव, विवेक वर्मा, प्रशांत दीक्षित समेत कई यात्रियों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हरदोई स्टेशन से हर माह सैकड़ों यात्री दिल्ली, मेरठ, देहरादून, बनारस समेत बिहार और कोलकाता की यात्रा करते हैं। इसके बाद भी किसी बेहतर सुविधा वाली ट्रेन का ठहराव नहीं हुआ। जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी कई बार रेल अधिकारियों से मिलकर मांग उठाई लेकिन सुविधा नहीं मिली। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि ट्रेनों के ठहराव को लेकर उच्चाधिकारियों का फैसला होता है। यहां के अधिकारी सिर्फ रिपोर्ट उपलब्ध कराते हैं।