फोटो-11- राहुल। स्रोतः परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मायके से पत्नी के वापस न आने से परेशान युवक ने रस्सी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पत्नी ने चचेरी ननद काे फोन कर पति काो देखने जाने के लिए कहा तो घटना का पता चला।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के राभा गांव निवासी राहुल (30) दिल्ली के सीलमपुर में एक सिलाई फैक्टरी में काम करता था। वह पिता समेत पूरे परिवार के साथ रहता था। गांव का मकान बंद रहता है। पत्नी आरती व तीन बच्चों के साथ वह 13 अप्रैल को दिल्ली से अब्दुल्लानगर में रहने वाले अपने साढ़ू अनूप के यहां आया था। इसके बाद 22 अप्रैल को वह अपनी ससुराल लालतापुरवा चला गया था। बृहस्पतिवार की दोपहर वह अकेला ही ससुराल से पांच किलोमीटर दूर अपने बंद पड़े घर आया। उसने सिंलिडर भरवाने के साथ मकान की साफ-सफाई की। फिर शाम को वापस अपने ससुराल चला गया। यहां पत्नी से घरेलू मामलों को लेकर कहासुनी हुई। उसने पत्नी को घर चलने को कहा, लेकिन पत्नी राजी नहीं हुई। इसपर वह अकेला की अपने घर आ गया। उसने रात में मकान का दरवाजा बंद करके साड़ी से फंदा लगा लिया। इस दौरान पत्नी ने पड़ोस में रहने वाली चचेरी ननद रेनू को फोन लगाकर कहा देखो जाकर कहीं तुम्हारे भइया ने फंदा तो नहीं लगा लिया। रेनू ने बंद दरवाजे की ओट से देखा तो उसकी बात सच निकली। रेनू ने अन्य परिजनों को सूचना दी। राहुल के ताऊ राजकुमार ने दूसरे के मकान की छत से अंदर प्रवेश करके भतीजे को फंदे से नीचे उतारा। भतीजे के जीवित होने की आस लिए वह उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के दो पुत्री व एक पुत्र है। चिकित्सक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया।