हरदोई। विकलांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए शासन की ओर से उन्हें परिषदीय स्कूल तक आने और जाने के लिए एक्सकार्ट एलाउंस दिया जाएगा। राज्य परियोजना निदेशक ने बीएसए को 57 विकलांग बच्चों का चयन करने और उन्हें एक्सकार्ट एलाउंस के रूप में 250 रुपये देने के निर्देश दिए हैं।
समेकित शिक्षा की ओर से कांशीराम कालोनी स्थित प्राइमरी स्कूल में दो प्री-इंटीग्रेशन कैंप संचालित किए जा रहे हैं। जिनमें विकलांग बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। इन कैंपों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के विकलांग बच्चों का शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश कराया जाएगा। खास बात यह है कि इन बच्चों को स्कूल तक आने और जाने की व्यवस्था शासन की ओर से की जाएगी।
जिले के 57 बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाने का लक्ष्य रखा गया है साथ ही प्रत्येक जिले में जापानी इंसेफेलाइटिस से प्रभावित बच्चों की सूची सीएमओ कार्यालय से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इन बच्चों को स्कूल तक आने और जाने के लिए प्रत्येक माह 250 रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। शासन की ओर से 57 बच्चों के लिए धनराशि भी उपलब्ध करा दी गई हैं।
बीएसए मसीहुज्जमा सिद्दीकी ने समस्त खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीएमओ से सूची प्राप्त कर स्कूल प्रबंध समिति में प्रस्ताव रखकर बच्चों का चयन किया जाए। खंड शिक्षाधिकारी से प्राप्त चयनित सूची जिला स्तरीय समिति से अनुमोदित कराई जाएगी। इसके बाद चयनित किए गए बच्चों की सूची राज्य परियोजना कार्यालय लखनऊ भेजी जाएगी।