हरदोई (पाली)। गर्रा नदी की पलेज में मां और भाई के साथ सब्जी तोड़ने के बाद नदी में नहाने गए दिव्यांग युवक की डूबकर मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ता था और संभवता नहाने के दौरान दौरा पड़ने से उसकी मौत हुई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पाली कस्बा के मोहल्ला बिरहाना निवासी धनदेवी अस्पताल गेट के पास चाय की गुमटी चलाती हैं। कस्बा की गर्रा नदी के पास रेत में पलेज का काम भी करती हैं। रविवार की सुबह साढ़े पांच बजे वह बेटे सूरज कश्यप (28) और अमित व बेटी काजल के साथ पलेज में सब्जी ताेड़ने गई थीं। अमित के मुताबिक सब्जी तोड़ने के बाद सूरज नदी में नहाने चला गया।
काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया तो मां के साथ मिलकर उसकी तलाश की। नदी किनारे सूरज पानी में पड़ा मिला। परिजन आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे पाली स्थित न्यू पीएचसी ले गए। यहां चिकित्सक ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। सूरज दिव्यांग था और उसे मिर्गी का दौरा पड़ता था।
मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा और अविवाहित था। मृतक के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।