हरदोई। हेरिटेज कप क्रिकेट प्रतियोगिता रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हुई। प्रतियोगिता का पहला मैच अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी और जयपुरिया इलेवन टीम के बीच खेला गया। इसमें अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी ने तीन विकेट से जीत दर्ज की।
पहला मैच अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी और जयपुरिया इलेवन के बीच खेला गया। अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी के कप्तान चंदन ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जयपुरिया इलेवन ने निर्धारित 40 ओवर में 95 रनों का स्कोर खड़ा किया । जयपुरिया इलेवन की तरफ से मोहन कश्यप ने 18 रन, योगेश कुमार ने 18 रनों का योगदान दिया।
अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी की ओर से मनी चौधरी ने छह विकेट, हर्षित, चंदन और कृष्ण कुमार ने एक-एक विकेट लिया। वहीं, एक खिलाड़ी रन आउट हुआ। अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी की टीम ने 25 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। अकादमी के अभिषेक तिवारी 34, मनी चौधरी ने 22 रनों का योगदान किया।
वहीं, जयपुरिया की तरफ से कुंज बाजपेई ने पांच विकेट और देवाशीष चौहान ने एक विकेट लिया। एक खिलाड़ी रन आउट हुआ। अन्नपूर्णा क्रिकेट अकादमी टीम ने तीन विकेट से जीत दर्ज की। अकादमी के मनी चौधरी को मैच में मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं। मैच में अंपायरिंग शिवम मिश्रा व अनुज ने की। स्कोरिंग सूरज तिवारी ने की। सूर्य प्रताप सिंह, अखिलेश, राधा कृष्ण गुप्ता व सत्यम आदि मौजूद रहे।