हरदोई। पाली कस्बे के मोहल्ला सरॉय सैफ में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के भाई ने जेठ समेत ससुरालीजनों पर मारपीट कर विवाहिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला सरॉय सैफ निवासी चंद्र प्रकाश की पत्नी शिवानी (30) की संदिग्ध हालात में शुक्रवार रात मौत हो गई। ससुरालीजनों का कहना है कि शिवानी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली, लेकिन मृतका के भाई थाना क्षेत्र के ग्राम उबरिया निवासी मनोज कुमार ने ससुरालीजनों पर शिवानी की हत्या करने का आरोप लगाया है।
मनोज कुमार का आरोप है कि रात में शिवानी की मौत होने की सूचना भी ससुरालीजनों ने नहीं दी और शनिवार सुबह पूरे प्रकरण की जानकारी मोहल्ले के अन्य लोगों से हुई। शिवानी का विवाह चंद्र प्रकाश के साथ दस वर्ष पहले हुआ था। दोनों के एक पुत्र और एक पुत्री है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बरगलाने में लगे रहे प्रभारी निरीक्षक
पाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश राय पूरी घटना को लेकर मीडिया को भी बरगलाते रहे। जब उनसे घटना के बारे में जानकारी चाही गई, तो वह आनाकानी करते रहे। मृतका के मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर मिलने के बाबत पूछे जाने पर उन्होंने साफ इनकार कर दिया, जबकि मृतका का भाई अपने परिवार सहित पुलिस को तहरीर देकर आया था।