हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के खेरौली गांव में ससुराल वालों ने छोटी बहन के सामने बड़ी बहन की पीटकर मार डाला। इसके बाद आरोपियों ने हत्या को आत्महत्या का रूप से देने के लिए विवाहिता का शव फंदे से लटका दिया।
सीओ सिटी ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की। पुलिस ने विवाहिता की छोटी बहन से पूछताछ के बाद आरोपी पति व ससुर को हिरासत में ले लिया है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर बरगदिया निवासी बुद्धपाल की बेटी संगीता (22) की शादी कोतवाली देहात के खेरौली गांव के भानू के साथ पिछले साल 22 मई को हुई थी।
संगीता शुक्रवार को अपनी छोटी बहन शिवानी के साथ ससुराल गई थी। शिवानी ने बताया कि सोमवार की शाम को जीजा भानू ने दीदी (संगीता) के साथ पहले तो गाली-गलौज किया।
फिर भानू ने अपने पिता रामसेवक व मां शारदा के साथ मिलकर दीदी को पीटकर मार डाला। इसके शव को उसी के दुपट्टे से फंदे पर लटका दिया। बकौल शिवानी उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर आए, लेकिन चुपचाप खड़े रहे।
संगीता की मां का आरोप है कि भानू संगीता के हिस्से का खेत लेना चाहता है। इसी वजह से आए दिन संगीता के साथ मारपीट करता था।
सीओ सिटी विनोद कुमार द्विवेदी ने बताया कि विवाहिता की छोटी बहन से पूछताछ के आधार पर आरोपी भानू व उसके पिता रामसेवक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।