बेहटागोकुल। थाना क्षेत्र के गांव पहेलिया में शुक्रवार को दो पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। इसमें आठ लोग घायल हो गए।
गांव पहेलिया निवासी अरुण (20) पुत्र धर्मेंद्र सिंह और धर्मेश (17) पुत्र राममूर्ति मिश्र के बीच मैदान में खेलने के दौरान विवाद और गाली गलौज हो गया। गांव निवासी सर्वेश मिश्र ने बताया कि उसका भतीजा धर्मेश विवाद के बाद अरुण के घर शिकायत करने गया। जहां अरुण के परिजनों ने उससे अभद्रता की और भगा दिया।
धर्मेश के पिता राममूर्ति ने थाना जाकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी। सर्वेश ने बताया कि इसके बाद दोनों पक्षों मेें दिन में दो बार फिर विवाद हुआ, जिसकी जानकारी एसओ को दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार शाम दोनों पक्ष फिर आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें धर्मेश समेत छोटू (20), रामानंद (40), रामगोपाल (50), अनिकेत (16) व दूसरे पक्ष से विपुल (18), ओमनारायण (65) और अमित (20) भी चुटहिल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी राकेश आनंद ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।