सवायजपुर। भरखनी स्थित पीसीयू के क्रय केंद्र पर शनिवार से व्यवस्थित ढंग से धान की खरीद शुरू हो गई। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एसडीएम स्वाती शुक्ला ने पूरे मामले को संज्ञान में लिया। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार नारायण सिंह ने मौके पर पहुंचकर अपनी देखरेख में खरीद शुरू कराई। शनिवार को केंद्र पर चार किसानों से 380 क्विंटल धान की खरीद की गई।
भरखनी ब्लॉक मुख्यालय व गांव में पीसीयू का धान क्रय केंद्र संचालित है। शुक्रवार को केंद्र पर खरीद बंद थी लेकिन केंद्र प्रभारी विनोद कुमार ने 72 क्विंटल तौल का दावा किया था, जबकि श्रमिकों ने कोई तौल न होने की बात कही थी। आसपास के ग्रामीणों ने भी केंद्र पर तौल के नाम पर खानापूरी किए जाने का मामला उठाया था।
इस पर खबर प्रकाशित होने के बाद एसडीएम स्वाती शुक्ला ने शनिवार को तहसीलदार नारायण सिंह को मौके पर भेजा। तहसीलदार ने केंद्र पर आने वाले किसानों की फसल बिना किसी परेशानी के तौलने के निर्देश दिए। धान खरीद शुरू होने पर किसानों ने राहत की सांस ली है। एसडीएम स्वाती शुक्ला ने कहा कि किसी भी केंद्र प्रभारी द्वारा खरीद में लापरवाही की बात सामने आई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
सभी केंद्रों पर तौल जारी
संडीला। मंडी समिति परिसर में चल रहे आधा दर्जन धान खरीद केंद्रों पर शनिवार को सुचारु रूप से धान की खरीद हुई। केंद्रों पर शनिवार दोपहर तक 762 क्विंटल धान की खरीद की गई। मंडी समिति के क्रय केंद्र प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र पर 52 क्विंटल खरीद की गई है। पीसीएफ केंद्र के प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया कि केंद्र पर 55 क्विंटल धान की तौल कराई जा चुकी है। प्रयास है कि शाम तक 600 क्विंटल तौल कराई जाए। मंडी सचिव एके सक्सेना व प्रभारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मंडी के सभी केंद्रों पर आवक की निरंतर तौल हो रही है। किसानों को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।