हरदोई। जिले में मझिला थाना क्षेत्र अंतर्गत यूपी 112 की पीआरवी पर तैनात दीवान सहित तीन और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मझिला थाना क्वारंटीन कर दिया गया है। अब कुल संक्रमित 211 हो गए हैं। एक्टिव केस 54 हैं। शुक्रवार को पॉजिटिव मिले तीनों केस में कोई प्रवासी नहीं है।
मझिला थाने की एक पीआरवी पर तैनात दीवान (42) मूल रूप से बरेली जनपद के 52-ब्लाक नवाबगंज का रहने वाला है। 23 जून को बुखार आने पर 24 जून को मझिला थानाध्यक्ष संजीव शर्मा ने दीवान को कोरोना की जांच को नमूना देने के लिए आलमनगर में बने सैंपल कलेक्शन सेंटर भेजा था। वह शाहाबाद सीएचसी भी गया था। वहां से वापस आने पर उसको थाना परिसर में ही अलग कमरे में क्वारंटीन कर दिया गया था। शुक्रवार सुबह आई जांच रिपोर्ट में दीवान संक्रमित मिला है। इसकी जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष मझिला संजीव शर्मा ने दीवान के संपर्क में आए पांच पुलिस कर्मियों समेत सात लोगों को क्वारंटीन कर दिया। इसके अलावा मझिला थाने में तैनात सभी पुलिस कर्मियों, चौकीदारों आदि का नमूना भी कोरोना की जांच को लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने तक थाने के सभी कर्मचारी परिसर में ही क्वारंटीन रहेंगे। इतना ही नहीं थाने में किसी के भी आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
वहीं शहर में बैंक आफ बड़ौदा में लिपिक (32) भी संक्रमित मिला है। शहर में एसपी आवास के पीछे की ओर न्यू सिविल लाइंस में रहने वाले लिपिक के पिता को कुछ दिन से बुखार आ रहा था। इस पर युवक अपनी और पिता की कोरोना जांच को सैंपल देने 24 जून को जिला अस्पताल गया था। पिता की रिपोर्ट निगेटिव आई है, लेकिन युवक संक्रमित मिला है। उसका कहना है कि पिता की बीमारी के कारण शनिवार से ही वह बैंक नहीं गया है। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक पुत्री है। संक्रमण की पुष्टि होने पर इन सभी की भी कोरोना की जांच कराई जा रही है। बैंक आफ बड़ौदा में अग्रिम आदेशों तक स्टाफ के अलावा सभी लोगों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बैंक प्रबंधक संजय कुमार चंदानी ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी जानकारी दी गई है। बैंक को सैनिटाइज कराया गया है। शुक्रवार को बैंक का सिर्फ विभागीय कार्य ही हुआ है। आगे जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुसार कार्य किया जाएगा।
20 जून को बरेली गया था संक्रमित दीवान
पुलिस महकमे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कोरोना पॉजिटिव मिला दीवान 20 जून को अपनी कार से बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में आशुतोष सिटी कालोनी के मकान नंबर 17 में गया था। यहां दीवान का परिवार रहता है। 21 जून को वह वापस आ गया था। 23 जून तक उसने यूपी 112 की पीआरवी पर ड्यूटी भी की थी।
ऑपरेशन से पहले हुई जांच में महिला मिली संक्रमित
हरदोई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम काजीपुर फरहतनगर निवासी महिला (30) भी कोरोना संक्रमित मिली है। जिला चिकित्सालय के वार्ड चार में गॉल ब्लेडर में पथरी होने के कारण भर्ती की गई महिला की ऑपरेशन से पहले ट्रूनेट मशीन से कोरोना की जांच की गई थी। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जनपद में अब तक ट्रूनेट मशीन से 75 लोगों की कोरोना की जांच कराई जा चुकी है, जिनमें पहली बार पॉजिटिव मामला मिला है। महिला के संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम शुक्रवार को काजीपुर फरहतनगर पहुंची और जानकारी जुटाई। सूत्रों के मुताबिक उक्त महिला 21 मार्च को ऑपरेशन कराने के लिए कानपुर गई थी, लेकिन लॉकडाउन हो जाने के कारण ऑपरेशन नहीं हुआ और वह मायके बाबूपुरवा में रुक गई। 19 जून को वापस काजीपुर फरहतनगर आई। ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल में भर्ती होने पर पॉजिटिव पाई गई। उसके संपर्क में आए 12 लोगों को चिह्नित कर दिया गया है। इन सभी के नमूने भी जांच को लिए गए हैं।
सराफ के संपर्क में आए 25 लोगों का नमूना भेजा
बावन कस्बे में एक सराफ गुरुवार को कोरोना संक्रमित मिला था। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम बावन पहुंची और संक्रमित व्यापारी के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित किया। बावन सीएचसी के अधीक्षक डा. प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि संक्रमित व्यापारी के 22 परिजनों और उनके संपर्क में आए तीन लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई है। इन सभी की कोरोना जांच को नमूना भेजा गया है।
फोटो-8- बैंक के अंदर कार्य करते कर्मचारी। संवाद- फोटो : HARDOI