फोटो 27: अग्रवाल गारमेंट्स पर कपड़ों को देखते खरीदार। संवाद
- शुरू होंगे मांगलिक कार्यक्रम, लोगों ने खरीदारी के लिए शोरूम पर पहुंचना किया शुरू
- दुकानदारों ने भी मांग और फैशन के हिसाब से कपड़े मंगवाए
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। आज देवोत्थानी एकादशी है। देवोत्थानी एकादशी से मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। मांगलिक कार्यक्रमों के शुरू होने के साथ ही कपड़ा कारोबार को श्रीहरि का आशीर्वाद मिलेगा। बाजार में दुकानदारों और शोरूम संचालकों ने फैशन और मांग के अनुसार कपड़ा मंगवाने शुरू किए हैं। खरीदारों ने भी बाजार पहुंचना शुरू कर दिया है। जिससे कपड़ा दुकानों और शोरूम पर रौनक आई है। संचालकों में सहालग पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
मांगलिक कार्यक्रमों में वर और वधु पक्ष के साथ ही जनाती और बराती भी अच्छे परिधान पहनने के लिए खरीदारी करते हैं। वर और वधु पक्ष के परिवार के लोग लेन-देन के लिए भी कपड़ों की खरीदारी करते हैं। देवोत्थानी एकादशी से शुरू होने वाले कार्यक्रमों के लिए खरीदारी को लेकर शोरूम संचालक और दुकानदार उत्साहित हैं।
बाजार में नए फैशन के कपड़ों को शोरूम और दुकानों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। लोग भी नए-नए फैशन के कपड़ों की खरीदारी के लिए अभी से बाजार में पहुंचने लगे हैं। सिनेमा रोड के अग्रवाल गारमेंट्स के संचालक मोहित अग्रवाल और जिंदपीर चौराहा के श्री बाला जी साड़ी के संचालक आशीष गुप्ता ने बताया कि शोरूम पर नवीन फैशन के कपड़ों को लाया गया है और मंगवाया भी जा रहा है।
बताया कि सहालग में बनारसी, प्रिंटेड साड़ी और लहंगा को लेकर वर और वधु पक्ष के लोग अधिक ध्यान देते हैं। वहीं जेंट्स कपड़ों में गरम सूट, पैंट-शर्ट आदि के ब्रांडेड कपड़ों को शोरूम पर उपलब्ध करा दिया गया है। लोग अपनी पसंद के कपड़ों की खरीदारी भी कर रहे हैं।