हरदोई। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की कार्रवाई के बावजूद करीब 18 स्कूली वाहन अब भी बिना फिटनेस सड़कों पर दौड़ रहे हैं। जून में बिना परमिट और फिटनेस के मामले में 107 स्कूली वाहनों को परिवहन विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद सिर्फ 89 वाहन स्वामियों ने ही फिटनेस कराई है।
जिले में कुल 888 स्कूलों से संबंधित व 187 अनुबंधित वाहन बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में संचालित हैं। ऐसे में बिना फिटनेस वाहनों का सड़क पर दौड़ना सीधे तौर पर बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है। विभाग की ओर से इन वाहन स्वामियों को लगातार रिमाइंडर नोटिस जारी किया जा रहा हैै।
चालकों के चरित्र सत्यापन पर भी जोर
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए केवल वाहन की फिटनेस ही नहीं बल्कि चालक का सत्यापन भी अहम है। इसी क्रम में डीआईओएस कार्यालय से स्कूली वाहन चालकों के चरित्र सत्यापन के लिए जानकारी मांगी गई है। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि बच्चों को लाने-ले जाने की जिम्मेदारी संभालने वाले चालक निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
रिमाइंडर के बाद भी नहीं चेते तो वाहन सीज की होगी कार्रवाई
विभाग इन वाहन स्वामियों को लगातार रिमाइंडर नोटिस जारी कर फिटनेस कराने के निर्देश दे रहा है। इसके बाद भी यदि वाहन स्वामी फिटनेस नहीं कराते हैं तो अब इन वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। -अरविंद कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन