फोटो- 33- सवायजपुर सीएचसी पर रखी एक्सरे मशीन। संवाद
हरदोई। सवायजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे की सुविधा मिलने की उम्मीद मजबूत हो गई है।
अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेकर जिलाधिकारी अनुनय झा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सीएचसी में एक्सरे टेक्नीशियन तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सीएमओ ने सीएचसी सवायजपुर में टेक्नीशियन की तैनाती कर दी है। टेक्नीशियन के ज्वाइन करते ही आसपास के इलाकों के लोगों को एक्सरे के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
सवायजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते वर्ष जुलाई में पोर्टेबल एक्सरे मशीन लगवाई गई थी। दो माह तक इस मशीन को इंस्टाल ही नहीं किया गया था।
अमर उजाला ने इसे लेकर खबर प्रकाशित की तो नौ सितंबर 2025 को चंडीगढ़ से आए अभियंताओं ने मशीन इंस्टॉल की थी। चिकित्सक और सहायक को मशीन चलाने का प्रशिक्षण भी दिया था। बावजूद इसके टेक्नीशियन न होने के कारण मशीन का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा था।
एक्सरे के लिए सीएचसी आने वाले मरीजों को या तो फर्रुखाबाद या फिर हरदोई में एक्सरे कराने जाना पड़ता है। तीसरा विकल्प प्राइवेट सेंटर है जहां एक्सरे के लिए 300 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक खर्च होते हैं। टेक्नीशियन न होने के कारण मरीजों को हाे रही परेशानी का उल्लेख करते हुए अमर उजाला में सात अप्रैल के अंक में खबर प्रकाशित हुई थी। इसके बाद डीएम अनुनय झा के निर्देश पर संडीला सीएचसी में तैनात अतिरिक्त एक्सरे टेक्नीशियन अंबरीश कुमार की तैनाती सवायजपुर सीएचसी में की गई है।
संडीला सीएचसी से अतिरिक्त टेक्नीशियन की तैनाती के संबंध में निर्देश आ गए हैं। अभी टेक्नीशियन ने ज्वाइन नहीं किया है। उनके ज्वाइन करते ही मशीन का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। मशीन शुरू होने के बाद मरीजों को काफी राहत मिलेगी। -डॉ. पराग कुमार, सीएचसी अधीक्षक
फोटो- 33- सवायजपुर सीएचसी पर रखी एक्सरे मशीन। संवाद