मल्लावां। ग्राम लालपुर भसूड़ा निवासी महिला ने खेत में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर खुद को आग लगा ली। आस पास मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने महिला के मानसिक रोग से पीड़ित होने की बात कही है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम लालपुर भसूड़ा निवासी शिव देवी (35) शनिवार सुबह खेत पर शौच के लिए गई थी। गांव के बाहर ग्राम विशेश्वरपुर निवासी एक व्यक्ति के खेत में जाकर उसने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाला और आग लगा ली।
शिव देवी को आग की लपटों से घिरा देख आस पास खेत में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक गंभीर रूप से झुलस चुकी शिव देवी की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। पति जयकरन ने बताया कि उसकी पत्नी शिव देवी लगभग 10 वर्ष से मानसिक रोग से पीड़ित थी। उसका इलाज भी चल रहा था। बताया कि उसकी शादी शिव देवी से लगभग 15 साल पहले हुई थी, उसके तीन बच्चे हैं।
सूचना मिलने के बाद गौतरा माधौगंज निवासी मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इधर सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंचे कोतवाल ने परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की।
इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि किसी पक्ष ने कोई आरोप नहीं लगाया है। तहरीर मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।