सुरसा। सुरसा के ग्राम भिरिया से शादी समारोह में शामिल होकर घर जा रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। थाने से कुछ दूर पुलिया के पास उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने गांव के ही दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मोना निवासी पुष्पेंद्र (20) शुक्रवार रात गांव के ही एक युवक की शादी में शामिल होने के लिए सुरसा ग्राम के ग्राम खजुरहरा के मजरा भिरिया गया था।
देर रात वहां से वापस आते समय रास्ते में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह उसका शव सुरसा थाने से कुछ दूरी पर एक पुलिया के पास सड़क किनारे पड़ा मिला।
सूचना मिलने के बाद एएसपी अनिल यादव, सीओ विकास जायसवाल व एसओ वीरेंद्र सिंह तोमर फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव के पास मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क कर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुष्पेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि पुष्पेंद्र चार भाइयों में बड़ा व अविवाहित था। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है।
इधर जांच के दौरान पता चला कि पुष्पेंद्र रात में लगभग दो बजे गांव के ही तीन युवकों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर भिरिया के लिए निकला था।
इसका पता चलने पर पुलिस ने गांव से रात में पुष्पेंद्र के साथ निकले दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। युवकों ने बताया कि पुष्पेंद्र बाइक स्वयं चला रहा था।
पुलिया के पास सामने से आ रही बस की लाइट की चमक लगने से बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिसमें पुष्पेंद्र घायल हो गए। वह और अन्य दोनों डर के कारण पुष्पेंद्र को मौके पर छोड़कर घर चले गए थे।
एसओ वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।