हरदोई। गर्रा नदी में दोस्तों के साथ मछली पकड़ने गए युवक की कुंडे में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तीन घंटे बाद कुंडे से निकलवाया। परिजनों ने किसी आरोप से इनकार किया है।
पाली थाना क्षेत्र के भरखनी निवासी हरिनाथ का बेटा रजनीश (20) दोस्तों के साथ शुक्रवार को बाबरपुर गांव के निकट गर्रा नदी में मछली पकड़ने गया था। उसके साथ में छोटा भाई रूपक (12), व गांव के ही रिषी, उनका बेटा कुलदीप, रवींद्र, सूरज व किरन पाल भी गए थे। सभी गर्रा नदी में जाल डालकर मछली पड़क रहे थे।
इसी दौरान रजनीश कुंडे में चला गया । उसे तैरना नहीं आता था। वह डूबने लगा। अन्य लोग उसे बचाने का प्रयास करते। इससे पहले ही छोटा भाई रूपक उसे निकालने के लिए नदी में कूदा। रूपक को भी तैरना नहीं आता था। वह भी डूबने लगा।
साथियों ने जब तक रूपक को बाहर निकाला। तब तक रजनीश डूब गया। इस दौरान शोर मचाने पर आस-पास के खेतों में काम कर रहे लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे बाद रजनीश को बाहर निकलवाया। उसकी मौत हो गई थी। परिजन मौके पर पहुंचे। एसओ सत्यप्रकाश ने बताया कि परिजनों ने किसी आरोप से इनकार किया है। इस संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है।