सुरसा थाना क्षेत्र में लखनऊ-हरदोई मार्ग पर रोडवेज बस की टक्कर से बालक की मौत हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर क्षतिगस्त कर दिया। चालक को भी पीटा और सड़क जाम कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा बुझा कर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम दाउदपुर निवासी महेश का नौ वर्षीय पुत्र सचिन सोमवार को अपने पिता के साथ पोलिंग बूथ पर कराही गया था। सोमवार की शाम को वह सड़क पार कर रहा था। अचानक लखनऊ की ओर से आ रही रोड़वेज की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक गाड़ी लेकर मौके से भागा। मगर ग्रामीणों ने रोडवेज का पीछा कर एक किमी दूर उसे रोक लिया और चालक को उतार कर उसे पीटने लगे और बस में तोड़ फोड़ शुरू कर दी। इससे बस पर सवार यात्री बस से उतर कर भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना मिलते ही चुनाव के कारण गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक को अपने अभिरक्षा में ले लिया। इसके बाद भी ग्रामीण शांत नहीं हुए और बस का क्षतिग्रस्त कर दिया और सड़क पर जाम लगा दी। इससे वाहनों की दोनों ओर लंबी कतार लग गई। घटना की जानकारी होने पर भारी पुलिस बल के साथ थानाध्यक्ष सुरसा विनय मिश्र मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कर किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस कारण वहां पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
परिजनों ने बताया कि सचिन गांव के ही विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। वह दो भाई और तीन बहन था। घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है। थानाध्यक्ष सुरसा विनय मिश्र ने बताया कि ग्रामीणों ने बस में तोड़ फोड़ की व चालक को पीटा भी है। अभी तक किसी भी तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।