हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के डकईपुरवा मजरा गोंडा राव निवासी युवक का शव गांव के बाहर एक बाग में दुपट्टे से फंदे पर लटका मिला। वह खेत की रखवाली करने गया था।
डकईपुरवा निवासी विवेक यादव (24) खेती करता था। रविवार रात फसल की रखवाली के लिए खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। सोमवार सुबह वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसे तलाशना शुरू किया। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने परिजनों को बताया कि गांव के बाहर स्थित आम के बाग में पेड़ पर विवेक का शव दुपट्टे के फंदे से लटक रहा है।
इस पर परिजन भी बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक नमूने जुटाए हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में खुदकुशी किए जाने की बात भी सामने आई है।