हरदोई: शाहपुर गंगा गांव के पास खड़ी क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : HARDOI
कटरा बिल्हौर रोड पर शाहपुर गंगा गांव के सामने शनिवार की सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में कार सवार आईटीबीपी के पांच जवान घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
यहां चिकित्सकों ने एक जवान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी है।
आईटीबीपी (इंडियन तिब्बत बार्डर पुलिस) में तैनात प्रताप (53) पुत्र भरत सिंह निवासी ग्राम शंकर थाना सरसेड़ी जिला पौढ़ी गढ़वाल उत्तराखंड अपने साथी प्रमोद सिंह (35) पुत्र होम सिंह निवासी देहरादून, पद्म सिंह (54) पुत्र स्व. गुलाब सिंह निवासी मोहल्ला आदर्श विहार थाना बोडावाला देहरादून, राकेश सिंह (54) पुत्र अबोल सिंह निवासी ग्राम बोगा, थाना भटवाली उत्तरकाशी व अजय तिवारी (50) पुत्र पीपी तिवारी निवासी कानपुर के साथ शुक्रवार की सुबह देहरादून से कानपुर जा रहे थे।
कटरा बिल्हौर मार्ग पर शाहपुर गंगा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आनन फानन में इलाज के लिए सीएचसी भिजवाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने प्रताप को मृत घोषित कर दिया। अन्य का इलाज शुरू कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों के आने पर शव का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।