हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रगति नगर में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। मृतका के भाई ने पति पर हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के प्रगतिनगर निवासी पंकज उर्फ राजीव की पत्नी अनुराधा (32) का शव शनिवार सुबह कमरे के अंदर पंखे के कुंडे पर दुपट्टे के फंदे से लटका मिला।
घटना का पता चलने पर मृतका का भाई बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर निवासी अरुण मौके पर पहुंच गया। अरुण के मुताबिक पंकज और अनुराधा की शादी 12 साल पहले हुई थी, लेकिन बच्चे नहीं थे। इसी को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव रहता था।
अरुण का आरोप है कि पंकज ने ही मारपीट कर अनुराधा की हत्या कर दी और शव फंदे पर लटका दिया। वहीं पंकज का कहना है कि अनुराधा ने खुदकुशी की है।
देहात कोतवाल अनिल सैनी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच शुक्रवार रात विवाद हुआ था। इसके साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस काे अभी आरोपों संबंधी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।