माधौगंज (हरदोई)। कुरसठ कस्बे के मोहल्ला रामनगर से बीती 15 फरवरी से लापता युवक का शव बुधवार दोपहर नाऊ बाग में एक पेड़ पर गमछे से लटका मिला। प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद में खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है।
मोहल्ला रामनगर निवासी भगवानदीन (30) मजदूरी करते थे। उनकी मां रामकली के मुताबिक 15 फरवरी की दोपहर भगवानदीन का पत्नी रानी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद भगवानदीन घर से बिना कुछ बताए चला गया था और कुछ देर बाद रानी भी अपने मायके बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जरौली शेरपुर चली गई थी।
उन्होंने बताया कि काफी तलाश करने पर भी भगवानदीन का कोई सुराग नहीं मिला तो माधौगंज थाने में मंगलवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बुधवार की दोपहर भजेहटा कुरसठ मार्ग पर नाऊ बाग में भगवानदीन का शव फंदे से लटका कुछ ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही देर में पुलिस और मृतक की मां रामकली भी मौके पर पहुंच गईं। माधौगंज के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव कुमार के मुताबिक पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी को भी जानकारी दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।