हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी का शव संदिग्ध हालात में मकान के बाहर नीम के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला।
परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बिना ही शव फंदे से उतारकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इस बीच जानकारी पुलिस को हो गई और पुलिस ने शव कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एक गांव निवासी किशोरी (17) का शव शनिवार को उसके घर के बाहर नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की भीड़ लग गई। परिजनों ने किसी पर आरोप लगाने से इन्कार करते हुए अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच लोगों को पता चला कि किशोरी का प्रेम प्रसंग रिश्तेदारी में ही एक युवक से चल रहा था।
किशोरी को उक्त युवक से फोन पर बात करते हुए परिजनों ने देख लिया था और नाराजगी जताई थी। इसी के चलते किशोरी ने खुदकुशी कर ली। टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि मां का निधन हो चुका है। वह अपने पिता और छोटी बहन के साथ रहती थी। फिलहाल परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।