सीएचसी पर घायलों को लेकर पहुंची पुलिस।
- फोटो : amarujala
पाली। थाना क्षेत्र में मंगलवार को पाली शाहजहांपुर रोड पर अतरजी गांव के पास डीसीएम से कुचलकर बाइक सवार साले की मौत हो गई और बहनोई समेत दो घायल हो गए। चालक हेलमेट नहीं लगाए था। मृतक शाहजहांपुर जिले का निवासी है। वह बहनोई, ममेरे भाई के साथ बाइक से बहन के ससुराल जा रहा था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों क ो एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने परिजनों के पहुंचने पर पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शाहजहांपुर के रौजा थाना के बरमौला निवासी नितिन (15) की बहन का ससुराल रजुआपुर निवासी बबलू (18) के यहां है। शनिवार को बबलू बाइक से पिता द्रगपाल के साथ बहन की ससुराल गया था। द्रगपाल रविवार को बस से घर लौट आए थे। मंगलवार को बाइक से बबलू घर लौट रहा था। उसके साथ साला नितिन और ममेरा भाई संतोष (17) निवासी सिंघराईया थाना सेहरामऊ शाहजहांपुर भी आ रहे थे। पाली थाना क्षेत्र में अतरजी गांव के पास सामने से आई डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी।
डीसीएम की टक्कर से बाइक समेत तीनों रोड पर गिर गए। हादसे में डीसीएम के पहिये के नीचे सिर कुचलने से नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बबलू व संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चला रहा बबलू हेलमेट नहीं लगाए था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनाें को जिला अस्पातल रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ संजय मौर्या ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।