फोटो 29: एसडीएम नारायणी भाटिया को ज्ञापन देते भाजपा कार्यकर्ता। स्रोत : स्वयं
संडीला। नगर में घरेलू एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ताओं में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि नगर में एक गैस एजेंसी की तरफ से 19 मार्च को बुक किए गए एलपीजी सिलिंडर की अब तक डिलीवरी नहीं दी गई है। इससे लोगों की दैनिक जीवनचर्या प्रभावित हो रही है।
बताया जा रहा है कि समस्या के समाधान के लिए जब भाजपा के कार्यकर्ता एजेंसी प्रबंधन से मिलने पहुंचे तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कार्यकर्ताओं ने एजेंसी के मैनेजर पर अभद्र व्यवहार किए जाने और फोन कॉल का जवाब न देने का आरोप लगाया है। भाजपा नगर अध्यक्ष नितीश जायसवाल रमन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी नारायणी भाटिया को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह केवल एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति का मामला नहीं बल्कि उपभोक्ताओं के प्रति लापरवाही और असम्मान का भी है। ज्ञापन देने वालों में अमित कुमार शर्मा, नरेश अर्कवंशी, मनीष गुप्ता, सौरभ गुप्ता, अनुज सिंह, शरद चौरसिया आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।