बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को गैस सिलेंडर का पाइप फटने से लगी आग से एक ही परिवार के सात लोग झुलस गए। आस पास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा के मोहल्ला चमारन टोला निवासी मूलचंद्र चाट पकौड़े का एक निजी स्कूल के पास ठेला लगाता है। मंगलवार की सुबह उसके परिवार के सदस्य चाट पकौड़े तैयार कर रहे थे। तभी रसोई गैस सिलेंडर का पाइप फट गया। इससे आग लग गई।
जिसमें मूल चंद्र (48), उसकी पत्नी विमला (45), पुत्र जगदीश (15), पुत्री पूनम (17), कमलेश (32) निवासी मवई थाना रहीमाबाद जनपद लखनऊ और उसकी पुत्री रागिनी (10), कुलदीप (12) झुलस गए। उनको स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया।