फोटो-16-संडीला सीएचसी में बैठी मृतक की गमगीन पत्नी विमला देवी व अन्य। संवाद
- फोटो : HARDOI
संडीला। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी। घायल मजदूर ने लखनऊ ले जाते समय दम तोड़ दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सेवा कौंढ़ा निवासी कौशल (42) मजदूरी करता था। बुधवार को मजदूरी करने के बाद साइकिल से हरदोई से लौट रहा था। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर ग्राम शिवाला के निकट अज्ञात वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कौशल को जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर चिकित्सकों ने कौशल की हालत गंभीर बताते हुए लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ ले जाते समय संडीला के निकट कौशल की मौत हो गई, तो परिजन शव लेकर संडीला सीएचसी पहुंचे और यहीं से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया। कौशल के परिवार में पत्नी विमला देवी और एक पुत्र है। (संवाद)