शाहाबाद। चौक मोहल्ले में शुक्रवार रात एचटी लाइन का तार डिस टीवी की केबल पर गिरने से घर में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया। इससे कई घरों के उपकरण फुंक गए और एक युवक करंट की चपेट में आ गया। पत्नी ने प्लास्टिक की कुर्सी से धक्का देकर पति की जान बचाई। शनिवार को व्यापारियों ने ढीले तारों में सपोर्टर लगवाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया।
शाहाबाद के मोहल्ला चौक में घरों के बाहर से एचटी लाइन निकली है। ढीले तार टकराने से अक्सर स्पार्किंग होती रहती है। शुक्रवार रात स्पार्किंग होने से एचटी लाइन का तार टूटकर सिंडीकेट बैंक के पास डिस के केबल पर गिर गया। केबल के जरिए हाईवोल्टेज करंट घरों में दौड़ गया। इससे घरों में लगे टीवी और अन्य उपकरण जलने लगे।
रात करीब 3:30 बजे टायलेट जाने के लिए मोहल्ले के सोनू रस्तोगी(30) ने लाइट का स्विच ऑन किया। स्विच छूते ही वह करंट की चपेट में आ गया। इसी बीच पत्नी की नींद खुल गई। पत्नी ने समझदारी दिखाते हुए पास रखी प्लास्टिक की कुर्सी से सोनू को धक्का देकर बचाया।
सोनू के परिजनों ने सब स्टेशन पर सूचना दी। इससे कुछ ही देर बाद आपूर्ति बंद हो गई और बड़ा हादसा टल गया। सोनू, उनके पड़ोसी अनमोल गुप्ता, प्रमोद रस्तोगी सहित कई घरों में टीवी सहित हजारों के उपकरण जल गए।
सराफा एसोसिएशन के अमर रस्तोगी, बसंत गुप्ता, सोनू रस्तोगी ने बताया कि तार टकराने से दिन में भी स्पार्किंग होती रहती है। इसकी शिकायत कई बार सब स्टेशन पर की गई लेकिन तार ठीक नहीं कराए जा रहे हैं। व्यापारियों ने शनिवार को एसडीएम को ज्ञापन देकर ढीले तारों में सपोर्टर लगवाने या लाइन अंडर ग्राउंड कराने की मांग की है।