शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गहोरा में शुक्रवार सुबह भूमि के विवाद में दबंग ने युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बेखौफ हत्यारे ने मृतक के भाई को भी चाकू लेकर दौड़ा लिया। ग्रामीणों के आने पर आरोपी भाग गया।पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गहोरा निवासी प्राइवेट फैक्टरी कर्मी आकाश (22) पुत्र राजाराम शुक्रवार सुबह गांव में ही स्थित प्राथमिक विद्यालय के निकट से अपने घर वापस जा रहा था। घर से लगभग बीस मीटर दूर चौराहे पर गांव के ही मलिखान पुत्र रामपाल ने उसे रोका। वह कुछ समझ पाता, तब तक मलिखान ने उसके सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। आकाश चीखते हुए मौके पर ही गिर गया। आकाश का भाई विकास वहां पहुंचा तो मलिखान ने उसे भी चाकू लेकर दौड़ा लिया। लेकिन ग्रामीणों की भीड़ देख वह फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक दीनानाथ मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी की। पिता राजाराम ने मलिखान पर भूमि के विवाद में हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास आबादी की भूमि है। इस पर उसके और मलिखान के कंडे पाथे जाते हैं। गुरुवार को मलिखान ने उसके कंडे हटाकर भूमि को अपना बताया था। इस पर शुक्रवार सुबह आकाश वहां पहुंचा और उसने मलिखान के कंडे भी हटा दिए। इस पर मलिखान आगबबूला हो गया था। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
गांव में कुछ और ही चर्चा
शाहाबाद। मृतक के परिजन भले ही घटना के पीछे भूमि विवाद को वजह बता रहे हों, लेकिन गांव में इसके पीछे कुछ और ही चर्चा है। पुलिस अधिकारी भी घटना की वजह कुछ और ही बता रहे हैं। प्रेम प्रसंग में बाधक बनने के कारण आकाश की हत्या किए जाने की चर्चा है।
एक माह पूर्व दिल्ली से आया था गांव
आकाश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह बड़े भाइयों प्रतिपाल और नीरज के साथ दिल्ली में प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता था। एक माह पूर्व वह गांव वापस आया था। गांव निवासी कुछ लोगों को उम्मीद थी कि थोड़े दिन गांव में रहकर वह लौट जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कहीं न कहीं इसे भी घटना की वजह माना जा रहा है।