शहर कोतवाली क्षेत्र में नघेटा रोड पर सोमवार देर रात नुमाइश देखकर मित्र के घर जा रहे युवक को दो बाइक सवार पांच लोगों ने घेरकर गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
सोमवार देर शाम बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम सारीपुर हीरा लाल निवासी उजेफा (17) पुत्र कयामुद्दीन नुमाइश देख कर रिश्तेदार मोहल्ला चील पुरवा निवासी कासिम के घर जा रहा था। शहर कोतवाली क्षेत्र के नघेटा रोड पर दो बाइक सवार पांच लोग आए और उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली पेट के ऊपर लगने से वह गिर गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उजेफा ने बताया कि गांव निवासी जायद, तारिक, रफीस, मरकम और हामिद ने उस पर हमला किया। वह लोग दो बाइक से आए थे। इन लोगों से पुरानी रंजिश चल रही है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि दोनों पक्षों में चुनावी रंजिश चल रही है। इससे पूर्व भी एक घटना हुई थी। जिसमें मामला जांच में फर्जी पाया गया था।